दानवीर भामाशाह सम्मान-2024 के लिए अलंकृत करने हेतु मंगाए गए प्रविष्टियां
रायगढ़, 4 सितम्बर 2024/ छत्तीसगढ़ शासन समाज कल्याण विभाग द्वारा प्रतिवर्ष राज्योत्सव के अवसर पर दानशीलता, सौहाद्र्र एवं अनुकरणीय सहायता प्रदान करने वाले उत्कृष्ट व्यक्ति/संस्था को दानवीर भामाशाह सम्मान से अलंकृत किया जाता है। चयनित व्यक्ति/ संस्था के रूप में 01 लाख रूपये एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान करने का प्रावधान है।
उप संचालक समाज कल्याण, रायगढ़ ने जानकारी देते हुए बताया कि दानशीलता, सौहाद्र्र एवं अनुकरणीय सहायता प्रदान करने वाले उत्कृष्ट व्यक्ति/ संस्था की प्रविष्टियां दानवीन भामाशाह सम्मान 2024 हेतु 27 सितम्बर 2024 से पूर्व समाज कल्याण संचालनालय, समाज कल्याण परिसर, माना कैम्प रायपुर को जिला कलेक्टर की अनुशंसा सहित भेजा जाना प्रस्तावित है। जिसके लिए व्यक्ति/संस्था का पूर्ण परिचय तथा वह छत्तीसगढ़ में निवासरत/कार्यरत हो। व्यक्ति/संस्था का पिछला कार्य उत्कृष्ट हो और वर्तमान में भी निरंतर सक्रिय हो। उक्त सम्मान हेतु ज्यूरी के सदस्यों की प्रविष्टियां मान्य नहीं होगी। दानशीलता एवं राष्ट्रीयता के क्षेत्र में किए गए कार्यो का विस्तृत विवरण, अन्य पुरस्कार प्राप्त किया हो तो उसका विवरण, उत्कृष्ट कार्यो के संबंध में प्रकाशन, प्रख्यात व्यक्तियों/ पत्र-पत्रिकाओं द्वारा की गई टिप्पणी, निरंतर क्रियाशील एवं निर्विवाद होने के विषय में जिला कलेक्टर की अनुशंसा तथा चयन होने की दशा में पुरस्कार ग्रहण करने की लिखित सहमति एवं पासपोर्ट साईज के 3 फोटोग्राफ्स आवश्यक है।